ऑक्शन से पहले हुआ था तय कि IPL 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से ओपन करेंगे विराट कोहली: माइक हेसन
नई दिल्ली
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशन्स माइक हेसन ने बताया है कि विराट कोहली के आईपीएल 2021 में ओपनिंग करने को लेकर चर्चा ऑक्शन से पहले हुई थी। उन्होंने कहा कि इस बात को ध्यान में रखते हुए आरसीबी ने अपनी टीम का चुनाव किया है और कोहली के फैसले से उनको कोई भी हैरानी नहीं हुई है। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी-20 मैच में विराट कोहली ने रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज किया था और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। मैच के बाद विराट ने कहा था कि वह आईपीएल 2021 में बैंगलोर की तरफ से ओपन करेंगे।
आरसीबी के अपने शो पर बात करते हुए माइक हेसन ने कहा, 'इस बात को लेकर हमने आईपीएल ऑक्शन से पहले चर्चा की थी क्योंकि यह हमारे ऑक्शन प्लानिंग का हिस्सा था, इसके मुताबिक ही हमको यह अपने लाइनअप को तैयार करने के लिए विचार करना था, तो यह मैरे लिए बिल्कुल भी सरप्राइज नहीं है। मैं खुश हूं कि उनको ( विराट कोहली) को इंडिया के लिए ओपन करने का मौका मिला और उन्होंने दिखाया कि वह क्या करने की काबिलियत रखते हैं। हमको शायद इसके बारे में पता था, लेकिन बाकी सभी लोगों के लिए एक रिमांइडर था।' पिछले सीजन आरीसीबी की टीम के लिए आरोन फिंच और देवदत्त पडीक्कल ने पारी का आगाज किया था, लेकिन फिंच अपने नाम के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके थे।
देवदत्त पडीक्कल के साथ विराट के ओपनिंग करने को लेकर हेसन ने कहा, 'हां, मैं विराट और देवदत्त को टीम के लिए ओपनिंग करते हुए देखना चाहता हूं। आपको पता है कि लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन, अलग तरह के खिलाड़ी और हमको पता है विराट के रिकॉर्ड जब वह पावरप्ले को पार कर लेते हैं तो, वह लाजवाब हैं। तो अगर वह टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करेंगे तो इससे टीम का लाइनअप कुछ अलग दिखाई देगा।' यूएई में खेले गए आईपीएल 2020 में आरसीबी की टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा था और टीम प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने में सफल रही थी। हालांकि, एलिमिनेटर मैच में टीम को सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

पाठको की राय